कोरबा, 3 जुलाई। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रेलवे ट्रैक बिछाने के काम में लगे एक मजदूर की तेज बहाव में बह जाने की खबर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेवरा से डोंगरगढ़ के बीच रेलवे लाइन बिछाई जा रही है। इस परियोजना के अंतर्गत एक पुलिया के नीचे काम चल रहा था, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और मजदूर बह गया।
बहने वाले मजदूर की पहचान झारखंड के पलामू जिले निवासी उदय कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय प्रशासन ने खोजबीन के लिए एक विशेष टीम गठित की है, जो नाले के आसपास सर्च ऑपरेशन चला रही है।
ग्राउंड से मिल रही खबरों के अनुसार, घटनास्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी जुटे हुए हैं। हादसे से मजदूरों में दहशत का माहौल है।
फिलहाल स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
