Advertisement Carousel

रायपुर में बड़ा आर्थिक घोटाला: एकाउंटेंट ने कंपनी से 1.20 करोड़ रुपये किए गबन, गिरफ्तार


रायपुर, 23 जुलाई। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में स्थित केमप्लास्ट प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में पदस्थ एकाउंटेंट द्वारा 1.20 करोड़ रुपये गबन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, केमप्लास्ट प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के संचालक अनुराग अग्रवाल ने विधानसभा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी में कार्यरत एकाउंटेंट सागर तिवारी ने वित्तीय लेन-देन का दायित्व मिलने का दुरुपयोग करते हुए कंपनी के खाते से विभिन्न निजी खातों में 1 करोड़ 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सागर तिवारी ने 1 जुलाई 2024 से लेकर अब तक लगातार रकम का गबन करते हुए अमानत में ख्यानत किया। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 357/25 के तहत धारा 316(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी निरीक्षक शिवेन्द्र राजपूत को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम द्वारा की गई पतासाजी में आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने गबन की बात स्वीकार की। इसके बाद सरकंडा, बिलासपुर निवासी 30 वर्षीय सागर तिवारी, पिता भागीरथी तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में यदि अन्य संलिप्तता या आर्थिक लेन-देन की जानकारी मिलती है, तो जांच का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।


error: Content is protected !!