Advertisement Carousel

वोट लेकर किया महिलाओं से विश्वासघात: महतारी वंदन योजना में नहीं जुड़ेंगे नए नाम – विकास उपाध्याय का सरकार पर हमला

रायपुर, छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ की चर्चित महतारी वंदन योजना को लेकर भाजपा सरकार के फैसले ने हजारों महिलाओं को निराश कर दिया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि “वोट लेने के बाद भाजपा ने महिलाओं के साथ छल किया है”। अब सरकार की ओर से साफ कर दिया गया है कि योजना के दूसरे चरण में नए नाम नहीं जोड़े जाएंगे, जबकि चुनाव से पहले इसका वादा हर महिला तक लाभ पहुंचाने का किया गया था।

उपाध्याय ने कहा कि चुनाव से पहले कहा गया था कि “कलेक्टर की पत्नी तक” को इस योजना का लाभ मिलेगा, लेकिन आज जमीनी हकीकत यह है कि हजारों योग्य महिलाएं योजना से बाहर हैं और हर महीने हितग्राहियों की संख्या घट रही है। आधार लिंक, बैंक खाता त्रुटि, डीबीटी प्रक्रिया जैसी अड़चनों का हवाला देकर लगातार नाम हटाए जा रहे हैं।

“जनचौपाल में झूठे दिलासे दिए जा रहे” – उपाध्याय

राजधानी सहित प्रदेश के कई जिलों में भाजपा विधायक जनचौपाल लगाकर दावा कर रहे हैं कि योजना में दोबारा नाम जोड़े जाएंगे, लेकिन सरकार की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि इस दिशा में कोई नई पहल नहीं होगी। इससे साफ है कि जनता को गुमराह किया जा रहा है।

उपाध्याय ने कहा कि 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने घोषणा पत्र में वादा किया था कि राज्य की हर महिला को योजना का लाभ मिलेगा। उस वक्त फॉर्म भरवाए गए, उम्मीदें जगाई गईं, लेकिन सत्ता में आने के बाद नियमों का हवाला देकर अधिकांश महिलाओं को बाहर कर दिया गया

“सरकार को पीछे हटना ही होगा” – आंदोलन की चेतावनी

विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस फैसले के विरोध में जल्द सड़कों पर उतरेगी और जरूरत पड़ी तो विधानसभा का घेराव कर सरकार को अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने को मजबूर करेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक योजना नहीं, छत्तीसगढ़ की महिलाओं की उम्मीद और सम्मान का सवाल है, जिसे लेकर कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।


error: Content is protected !!