Advertisement Carousel

भाजयुमो अध्यक्ष रवि भगत को कारण बताओ नोटिस, सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी बयान देना पड़ा भारी

रायपुर |

भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को पार्टी नेतृत्व द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने जारी किया है।

नोटिस के अनुसार, रवि भगत ने हाल ही में जिला खनिज निधि (DMF) की राशि जारी नहीं किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें पार्टी और सरकार के खिलाफ अप्रत्यक्ष रूप से टिप्पणी की गई थी। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता और दुष्प्रचार की श्रेणी में लेते हुए गंभीरता से लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने रवि भगत से 7 दिनों के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो उनके खिलाफ पार्टी से निष्कासन जैसी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, रवि भगत का यह बयान शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना के रूप में देखा जा रहा है और इससे पार्टी की छवि को भी नुकसान पहुंचा है।

इस घटनाक्रम ने प्रदेश भाजपा में अंदरूनी मतभेद और गुटबाजी की चर्चाओं को फिर हवा दे दी है। हालांकि, अब तक रवि भगत की ओर से इस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


error: Content is protected !!