भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजन, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर
बैकुंठपुर। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत विकासखंड मुख्यालय सोनहत में मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
स्टेडियम से शुरू होकर बस स्टैंड तक पहुँची इस यात्रा में 104 गाँवों से आए सैकड़ों कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए। मुख्य चौराहा, बाज़ार मार्ग समेत नगर के प्रमुख रास्तों से गुज़रते हुए यात्रा में देशभक्ति के नारे गूंजते रहे और हाथों में लहराते तिरंगे ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
जिलाध्यक्ष तिवारी ने कहा, “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह सिर्फ शुरुआत है, इस अभियान को गाँव-गाँव और प्रत्येक बूथ तक लेकर जाना है।” उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष आशा देवी सोनपाकर, जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी सोनपाकर, जिला मंत्री शारदा गुप्ता, ईश्वर राजवाड़े, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हितेश सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतेंद्र राजवाड़े, महामंत्री मनोज साहू सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
