कोरिया। जिले की चरचा पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी शमीम खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन बेचने का झांसा देकर तीन लोगों से कुल 32 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी।
प्रकरण में पीड़ितों ने अलग-अलग राशि ठगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इनमें से एक से 16 लाख 90 हजार रुपये, दूसरे से 7 लाख 70 हजार रुपये और तीसरे से 7 लाख 90 हजार रुपये वसूले गए थे। शिकायतों के बाद थाना चरचा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने 18 अगस्त को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन, एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी प्रमोद पांडे और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस अब अन्य संभावित पीड़ितों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
