रायपुर, 19 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, धैर्य, रणनीति और आदर्श नेतृत्व का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में शिवाजी जैसा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। अफजल खाँ प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने संकट को भांपकर धैर्य और रणनीति से निर्णय लिया और विजय प्राप्त की। शाइस्ता खान के विरुद्ध उनकी युक्तिपूर्ण रणनीति यह सिखाती है कि बड़े से बड़े शत्रु को भी सूझबूझ और साहस से पराजित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री साइंस कॉलेज मैदान में ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ के मंचन के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज केवल महान योद्धा ही नहीं, बल्कि उच्च आदर्शों वाले शासक भी थे। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों की आस्था का सम्मान किया और महिलाओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। माता जीजाबाई के संस्कारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिवाजी का चरित्र मर्यादा, नैतिकता और सम्मानजनक आचरण का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए महाकवि भूषण की पंक्तियों का उल्लेख किया और कहा कि शिवाजी का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि प्रेरणा का स्रोत है, जो कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है।
राजधानी रायपुर में प्रारंभ हुआ महानाट्य ‘जाणता राजा’ 22 फरवरी तक प्रतिदिन शाम साइंस कॉलेज मैदान में प्रस्तुत किया जाएगा। लगभग तीन घंटे की इस भव्य प्रस्तुति में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की गाथा को सजीव दृश्यों, विशाल मंच सज्जा और तकनीकी उत्कृष्टता के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित इस महानाट्य के लिए महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में ऑडिशन आयोजित किए गए थे, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 40 स्थानीय कलाकारों का चयन किया गया।
निर्देशक योगेश शिरोले के मार्गदर्शन में कलाकारों ने गहन अभ्यास किया। स्थानीय कलाकारों में प्रांजल बक्षी, वर्तिका क्षीरसागर, कृति लाड, आकांक्षा और आस्था काले सहित अन्य प्रतिभागियों ने भागीदारी निभाई।
मंचन के दौरान घोड़ों के साथ सैनिकों की टुकड़ी आकर्षण का केंद्र रही, वहीं ऊंटों को भी प्रस्तुति में शामिल किया गया। पुणे से आए तकनीकी विशेषज्ञ कौशिक नाईक और वैभव जोशी मंच सज्जा व प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कोली गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महानाट्य ‘जाणता राजा’ के अजीत राव आप्टे सहित महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
