जापान दौरे से छत्तीसगढ़ को निवेश व नवाचार में नए अवसर
रायपुर, 22 अगस्त।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गनाइजेशन (JETRO) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात कर निवेश और औद्योगिक सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।
बैठक में आईटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने जेट्रो के प्रतिनिधियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ पारदर्शी नीतियों, आसान प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना के कारण वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने जापान में आयोजित ‘Deep Space – To the Moon & Beyond’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचार की यह झलक छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विकसित हो रहे स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को नई दिशा देगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह दौरा छत्तीसगढ़ को निवेश, तकनीक और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में ठोस परिणाम देगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से वैश्विक पहचान दिलाना है
