ओसाका एक्सपो में छत्तीसगढ़ सप्ताह से विज़न-2047 को मिलेगा वैश्विक आयाम
रायपुर/25 अगस्त 2025।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी जापान यात्रा से भारत-जापान संबंध और मजबूत होंगे। अपने जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत और जापान की मित्रता ऐतिहासिक एवं गहरी है और प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से तकनीकी, औद्योगिक व सांस्कृतिक सहयोग को नया आयाम मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरे से दोनों देशों की जनता को लाभ होगा और साझा समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो-2025 का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इसमें छत्तीसगढ़ को समर्पित सप्ताह का शुभारंभ किया गया है। यह आयोजन न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस अवसर से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और औद्योगिक प्रगति को वैश्विक पहचान मिलेगी तथा निवेश और सहयोग की नई संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की जापान यात्रा और ओसाका एक्सपो में छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी प्रदेश एवं देश, दोनों के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगी।
