रायपुर, 29 अगस्त।
गणेशोत्सव पर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को अब 96 पुलिस मितानों का सहयोग मिलेगा।
गणेश पंडालों के आसपास बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में यह पहल की गई है। यातायात थाना क्षेत्रों से सामने आए इन युवाओं को पुलिस मितान बनाकर प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें रिफ्लेक्टिव जैकेट, ट्रैफिक हैट और व्हिसिल प्रदान किए गए हैं ताकि वे ट्रैफिक वार्डन की भूमिका निभा सकें।
एएसपी ट्रैफिक डॉ. प्रशांत शुक्ला और डीएसपी सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह ने युवाओं को यातायात ड्यूटी की समझाइश दी। बेहतर कार्य करने वाले पुलिस मितानों को आगे चलकर जिला प्रशासन और नगरीय प्रशासन की अनुमति से ट्रैफिक वार्डन के रूप में चौक-चौराहों पर भी नियुक्त किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गणेशोत्सव के दौरान भीड़भाड़ वाले मार्गों पर चारपहिया वाहनों का कम उपयोग करें, नोपार्किंग क्षेत्र में वाहन न खड़ा करें और शराब सेवन कर वाहन न चलाएं
