
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बालोद दौरे से रायपुर लौटे। उन्होंने बताया कि उनका बालोद दौरा स्व. रामकृष्ण दास त्यागी महाराज की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए था। मुख्यमंत्री ने कहा कि “मुझे सौभाग्य मिला कि त्यागी महाराज से पहले भी मुलाकात हुई थी। आज उनकी श्रद्धांजलि सभा में जाकर नमन करने का अवसर प्राप्त हुआ।”
इसी दौरान मुख्यमंत्री साय ने राज्योत्सव की तैयारियों पर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस साल राज्योत्सव 1 से 5 नवंबर तक भव्य रूप में आयोजित होगा, जबकि जिलों में तीन दिनों तक कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति राज्योत्सव में शामिल होंगे।
साय ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी नए विधानसभा भवन और आदिवासी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष का राज्योत्सव ऐतिहासिक और गौरवशाली होने वाला है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने 24 वर्षों में नई ऊंचाइयां छुई हैं। उन्होंने कहा कि “देश का सौभाग्य है कि हमें नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री मिले हैं। वे 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हैं और दिन के 18 घंटे देश के लिए काम करते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक उन्होंने भारत को गर्वित किया है। आज भारत ऐसा देश बना है जो दुश्मनों को घर में घुसकर जवाब देता है।”
