जशपुर। लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली सोने का बिस्किट दिखाकर 10 लाख रुपए की ठगी की कोशिश करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले के अनुसार आरोपियों ने फरियादी को लगभग 450 ग्राम वजन का नकली सोने का बिस्किट दिखाया और 10 लाख रुपए में सौदा तय कर लिया। डील पक्की करने के नाम पर पहले 10 हजार रुपए एडवांस भी ले लिए। फरियादी को शक होने पर उसने बिस्किट की जांच कराई, जिसमें सोना नकली पाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों—कलाम खान, शंकर लाल भगत और बिहारी तिर्की—को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली गोल्ड बिस्किट, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच में जुटी हुई है।
