नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। संगठन पर्व के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया और उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। प्रधानमंत्री मोदी ने माल्यार्पण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं से राजनीति की यात्रा शुरू करने वाले नितिन नबीन ने दो दशकों में साधारण कार्यकर्ता से संगठन के सर्वोच्च पद तक पहुँचकर नया इतिहास रच दिया है। 1980 में जन्मे नबीन 2006 में पटना पश्चिम से विधायक बने और बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए पथ निर्माण व नगर विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों में उल्लेखनीय सुधार किए।
युवा मोर्चा से लेकर विभिन्न राज्यों के चुनाव प्रभारी के रूप में उन्होंने संगठन को नई दिशा और ऊर्जा दी। उनका जीवन मंत्र — “राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम” — आज भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बन चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में श्री नबीन का कार्यकाल पार्टी को नई गति देगा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि उनका संगठनात्मक अनुभव और समर्पण भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जताया विश्वास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान बनाएगा और पार्टी के आदर्शों को नई ऊँचाई प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रभारी रहते हुए उनके मार्गदर्शन में विधानसभा से लेकर निकाय-पंचायत चुनावों तक भाजपा का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही देशभर के भाजपा कार्यालयों में उत्सव और उल्लास का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में नए नेतृत्व को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
