महासमुंद, छत्तीसगढ़।
जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों — सिंघोडा, कोमाखान और बागबाहरा — में एक साथ कार्रवाई करते हुए 66 लाख रुपये कीमत का 132.5 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में 01 महिला सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर जबलपुर, मुरैना और महाराष्ट्र भेजने की फिराक में थे। गिरफ़्तार आरोपियों में 05 मध्यप्रदेश, 04 महाराष्ट्र और 02 उड़ीसा के निवासी शामिल हैं, जिससे यह अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के साथ-साथ करीब 55 लाख रुपये कीमत की 06 कारें भी जब्त की हैं, जिनका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था। सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(b) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता है और आगे भी ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
