सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खमतराई थाना क्षेत्र में स्थित एक यार्ड से करीब 10 लाख रुपए मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। यह कार्रवाई नॉर्थ जोन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की।
लंबे समय से अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गोदाम में दबिश दी, जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा डंप कर रखा गया था।
पुलिस ने गुटखे के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोदाम संचालक से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गुटखा कहां से लाया गया था और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि शहर में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
