रायपुर, 13 फरवरी 2026। वन संरक्षण और अवैध लकड़ी परिवहन पर लगाम कसने के लिए वन विभाग ने सख्त कदम उठाया है।
वनमण्डलाधिकारी के मार्गदर्शन में सक्ती वन परिक्षेत्र और उड़नदस्ता दल की संयुक्त टीम ने जैजैपुर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए दो आरा मिलों को सीलबंद कर दिया।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जैजैपुर क्षेत्र में संचालित हलेश्वर कुमार साहू, तुषार तथा गोपाल प्रसाद चंद्रा की आरा मिलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेखों, लाइसेंस और वैधानिक प्रावधानों की गहन जांच की गई। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल प्रभाव से दोनों आरा मिलों को सील कर दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन अपराधों के खिलाफ आगे भी सतत अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने सभी आरा मिल संचालकों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा विधिसम्मत कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
