रायपुर में खाद्य विभाग की बड़ी दबिश
रायपुर, 13 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य का पैक्ड “सेफ्रॉन ब्लेंडेड सितार” जब्त किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन तथा विभागीय निर्देशों पर की गई।
खाद्य सुरक्षा टीम ने 11 फरवरी की मध्य रात्रि को ट्रांसपोर्ट नगर, रावांभाटा स्थित मउरानीपुर लॉजिस्टिक प्रा. लि. के पार्किंग नंबर 09 में दबिश दी। यहां से 170 बोरियों में रखे लगभग 5,950 किलोग्राम पैक्ड माल को जब्त किया गया। अधिकारियों के मुताबिक जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में क्या आया सामने?
प्रारंभिक जांच में माल के परिवहन, विक्रय और भंडारण में किशन यादव और रामभरोसे यादव की भूमिका सामने आई है। मौके पर मौजूद प्रभारी शिवम यादव और सतगुरूशरन यादव से पूछताछ की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से पैक्ड “सेफ्रॉन ब्लेंडेड सितार” का नमूना लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में कौन-कौन रहे मौजूद?
इस संयुक्त कार्रवाई में अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ध्रुव, नमूना सहायक राकेश गिदौडे तथा सीएसपी उरला पूर्णिमा लामा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विभाग का सख्त संदेश
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
राजधानी में हुई इस कार्रवाई से मिलावट और अवैध भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
