Advertisement Carousel

GATE परीक्षा में हाईटेक नकल रैकेट का भंडाफोड़, ब्लूटूथ गैजेट से बाहर बैठा सॉल्वर देता था जवाब, रायपुर पुलिस ने 6 को दबोचा


रायपुर। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा GATE में हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। रायपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।


पुलिस को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र के बाहर बैठा एक संगठित गिरोह अंदर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से उत्तर उपलब्ध करा रहा है। सूचना मिलते ही थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सरोना स्थित आयन डिजिटल जोन के आसपास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।


ऐसे चलता था हाईटेक खेल
जांच में सामने आया कि परीक्षा हॉल में बैठे अभ्यर्थी ब्लूटूथ ईयर डिवाइस के जरिए प्रश्न बाहर बैठे साथियों तक पहुंचाते थे। बाहर मौजूद आरोपी इंटरनेट के जरिए उत्तर खोजते और तुरंत डिवाइस के माध्यम से परीक्षार्थियों तक पहुंचाते थे। इस ‘सेटिंग’ के एवज में मोटी रकम वसूली जाती थी।


परीक्षा केंद्र प्रशासन के सहयोग से संदिग्ध अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई, जिसमें छिपाने योग्य ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुए। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और विधिसम्मत कार्रवाई की गई।


ये सामान हुआ जब्त
03 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस
04 अन्य ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
08 मोबाइल फोन
03 सिम कार्ड
अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व नकल सामग्री



गिरफ्तार सभी आरोपी हरियाणा के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक यह संगठित गिरोह विभिन्न राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं को टारगेट करता था।


थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत बीएनएस, आईटी एक्ट और लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!