Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान

Business concept.


भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों में राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित किया


रायपुर, 18 फरवरी 2026।
भारत निर्वाचन आयोग ने अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले राज्यसभा सदस्यों की रिक्त सीटों को भरने के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत देश के 10 राज्यों में कुल 37 राज्यसभा सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा।


छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की कुल 5 सीटों में से दो सदस्यों — श्री कवि तेजपाल सिंह तुलसी और सुश्री फूलो देवी नेताम — का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूर्ण हो रहा है। इन दोनों सीटों के रिक्त होने के मद्देनज़र निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।


निर्वाचन कार्यक्रम इस प्रकार
26 फरवरी 2026 — अधिसूचना जारी
5 मार्च 2026 तक — नामांकन पत्र दाखिल
6 मार्च 2026 — नामांकन पत्रों की संवीक्षा
9 मार्च 2026 तक — नाम वापसी
16 मार्च 2026 — प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान
16 मार्च 2026 — सायं 5 बजे से मतगणना
20 मार्च 2026 — संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण

नामांकन की प्रक्रिया
अभ्यर्थी 26 फरवरी से 5 मार्च तक (सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर) पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन स्थित निर्धारित कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर (संचालक, छत्तीसगढ़ विधानसभा) के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।


90 विधायक करेंगे मतदान
राज्यसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ विधानसभा के कुल 90 विधायक मतदान करेंगे। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 54, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 35 तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का 1 विधायक शामिल है।


मतदान मतपत्र के माध्यम से किया जाएगा। विधायकों को वरीयता क्रम अंकित करना होगा और इसके लिए केवल निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही उपयोग करना अनिवार्य होगा। किसी अन्य पेन का उपयोग अमान्य माना जाएगा।



निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की व्यवस्था की है। पूरी प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों का राज्यवार विवरण पृथक रूप से संलग्न किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!