अंबिकापुर/सूरजपुर। अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर कुछ युवकों द्वारा बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने और हाईवे जाम करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सरगुजा और सूरजपुर की सीमा स्थित स्टेट हाईवे पर युवकों ने सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े कर आवागमन रोक दिया। इसके बाद बीच सड़क पर केक काटकर आतिशबाजी की गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जश्न के दौरान एक एंबुलेंस को भी कुछ देर तक रोके रखा गया, जिससे आमजन में आक्रोश है।
मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसे कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सूरजपुर जिले के लटोरी थाना में संबंधित युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने और आपातकालीन सेवा को बाधित करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
