लोरमी। उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने लोरमी प्रवास के दौरान ग्राम कारीडोंगरी और दरवाजा के बीच मनियारी नदी पर निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में पुल का निर्माण पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन कार्य काफी पीछे चल रहा है। कम मजदूरों की संख्या पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि सीमित संसाधनों से समय पर काम कैसे पूरा होगा।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश से पहले हर हाल में पुल का निर्माण पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों का संपर्क कट जाता है और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
धीमी गति पर उन्होंने कहा कि केवल नोटिस जारी करने से काम नहीं चलेगा, आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदार पर पेनाल्टी भी लगाई जाए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह बहुप्रतीक्षित पुल क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
