बलरामपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में अवैध अफीम की खेती का बड़ा भंडाफोड़ करते हुए 3.67 एकड़ जमीन पर उगाई गई अफीम की फसल नष्ट कर दी गई और मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सुनसान क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से अफीम की खेती कर रखी थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 4344 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 75 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो जमीन मालिकों सहित पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया, जो खेतों में उगाई गई अफीम की रखवाली और देखरेख कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर और जशपुर जिले के अलावा झारखंड और बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अवैध खेती की सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस, राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर कार्रवाई की और अफीम की खेती को नष्ट करते हुए आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
