Advertisement Carousel

महतारी अलंकरण से 65 महिलाएं सम्मानित, 12 स्वसहायता समूहों को भी मिला गौरव सम्मान


रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नवसृजन मंच द्वारा समाज, शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 65 महिलाओं को “छत्तीसगढ़ महतारी अलंकरण सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 स्वसहायता समूहों को महतारी गौरव सम्मान प्रदान किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और राजगीत “अरपा पैरी के धार” के साथ हुआ। समारोह में सम्मानित महिलाओं को मंच पर आमंत्रित कर रुपिया माला और मोहरी पहनाकर, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पारंपरिक रुपिया माला और मोहरी के साथ किया गया सम्मान समारोह का विशेष आकर्षण रहा, जिससे सम्मानित महिलाएं उत्साह और गर्व से प्रफुल्लित नजर आईं।


नवसृजन मंच के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि समाज में सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना संस्था का उद्देश्य है, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हो सकें। उन्होंने आगामी 20 मार्च को आयोजित होने वाले “बिटिया जन्मोत्सव” कार्यक्रम की जानकारी भी दी।


समारोह में अतिथि के रूप में एडिशनल एसपी सुरेशा चौबे, एडिशनल एसपी अर्चना झा, आईपीएस मिलेना कुर्रे, एम्स की प्राध्यापक डॉ. जे. जया रेका तथा समाजसेविका सुषमा तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रदेश के 22 जिलों से चयनित महिलाएं शामिल हुईं।


कार्यक्रम में नवसृजन मंच के कार्यकारी अध्यक्ष देवाशीष मुखर्जी, संयोजिका पदमा शर्मा, सह-संयोजिका डॉ. रश्मि चावरे, मनीषा सिंह, किशोर महानंद, विनय शर्मा, मनोज जैन, नरेश नामदेव, खुशबू शर्मा, निधि झा सहित संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!