रायपुर। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का 15 मार्च से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। उनके मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने बताया कि शंकराचार्य रविवार को अहमदाबाद से रायपुर पहुंचेंगे, जहां रायपुर विमानतल पर श्रद्धालु उनका भव्य स्वागत करेंगे और दर्शन लाभ प्राप्त करेंगे।
विमानतल से उनका काफिला राजीव नगर स्थित आलोक सिंह के निवास पहुंचेगा, जहां सिंह परिवार द्वारा पादुका पूजन किया जाएगा। इसके बाद शंकराचार्य सपाद लक्षेश्वर धाम सलधा के लिए रवाना होंगे।
सलधा धाम में दंडी स्वामी श्रीमज्ज्योतिर्मानंद सरस्वती द्वारा उनका स्वागत-पूजन किया जाएगा। 16 और 17 मार्च को शंकराचार्य नवनिर्मित सवा लाख शिवलिंग मंदिर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में लगे लोगों को मार्गदर्शन देंगे।
18 मार्च की सुबह वे सलधा धाम से प्रस्थान कर बेमेतरा के कृष्णा विहार स्थित कमलेश दत्त दुबे के निवास पहुंचेंगे, जहां दुबे परिवार द्वारा उनका स्वागत व पादुका पूजन किया जाएगा। इसके बाद वे बिलासपुर के ग्राम चिचिरदा स्थित कुंज कुटीर फार्महाउस में अपने शिष्य हरीश शाह के यहां जाएंगे, जहां सनातन धर्मावलंबियों और गौभक्तों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
कार्यक्रमों के बाद शंकराचार्य बिलासपुर से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे।
