Advertisement Carousel

कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों में संशोधन, 9 नवंबर से नई MRP लागू

अधिक कीमत वसूलने या दवा नहीं मिलने पर हेल्पलाइन में करें शिकायत, मरीजों को राहत देने के लिए प्रशासन ने जारी किया निर्देश

रायपुर। कैंसर मरीजों को दवाओं की कीमतों में राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी औषधियों पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन (TMR) लागू किया है। इसके तहत इन दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है।

छत्तीसगढ़ में भी नई कीमतों का लाभ मरीजों तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य औषधि मूल्य निगरानी संसाधन इकाई (CGPMRU) ने संबंधित दवा विक्रेताओं, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को परिपत्र जारी किया है। इसमें संशोधित MRP का पालन करने, दवाओं की मूल्य सूची प्रदर्शित करने और निर्धारित कीमत से अधिक राशि नहीं वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम नागरिकों और कैंसर मरीजों से दवा खरीदते समय पैक पर अंकित MRP की जांच करने की अपील की है। यदि किसी मेडिकल स्टोर या अस्पताल में संशोधित कीमत से अधिक राशि वसूली जाती है अथवा दवा उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो इसकी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

इन नंबरों पर करें शिकायत

अधिक कीमत वसूली या दवा की अनुपलब्धता की शिकायत NPPA हेल्पलाइन 1800-111-255 और CGPMRU हेल्पलाइन 9340595097 पर की जा सकती है। इसके अलावा cg-pmru@cg.gov.in और monitoring-nppa@gov.in पर ई-मेल भेजकर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!