मुख्यमंत्री साय ने कंतेली में 77 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये आदान सहायता देने का ऐलान
मुंगेली/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिले को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरे हुए 24 कार्यों का लोकार्पण किया, वहीं 397 करोड़ रुपये से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इनमें सड़क, सिंचाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। उन्होंने कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा कोदवा से खुर्शी तक सड़क निर्माण एवं मरम्मत की घोषणा भी की।
15 नवंबर से धान खरीदी, 3100 रुपये मिलेगा समर्थन मूल्य
मुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। इसके लिए प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। अब कुल लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। सत्यापित रकबे के आधार पर पात्र किसानों को योजना का लाभ मिलेगा।
महिलाओं को 33 किस्तों में 21,340 करोड़ का भुगतान
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 33 किस्तों में 21,340 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु पोर्टल और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ घर के नजदीक और समय पर मिले।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने विकास कार्यों के लिए जिलेवासियों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुंगेली में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है। विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
