बिलासपुर/नई दिल्ली। बिलासपुर शहर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari से मुलाकात की। उन्होंने लगभग ₹827.20 करोड़ की लागत से प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।
तोखन साहू ने बताया कि प्रस्तावित रिंग रोड NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी, जिससे भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा और ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। परियोजना से औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा समय घटेगा और बिलासपुर के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा डीपीआर, ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का आश्वासन दिया।
