Advertisement Carousel

बस्तर से सरगुजा तक रेल संपर्क मजबूत करने पर जोर, सीएम साय ने रेल मंत्री से की मुलाकात


रायपुर/नई दिल्ली, 30 जुलाई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की प्रमुख रेल परियोजनाओं और रेलवे नेटवर्क के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे भी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार प्रदेश के औद्योगिक विकास, व्यापार, पर्यटन, कृषि विपणन और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कटघोरा-डोंगरगढ़ (295 किमी) रेल लाइन परियोजना को जल्द शुरू करने पर जोर दिया, जिसे केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम (एसपीवी) के माध्यम से विकसित किया जाएगा। यह रेल लाइन कई ऐसे क्षेत्रों को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ेगी, जहां अब तक रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है।


बैठक में रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर, धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा तथा अंबिकापुर-बरवाडीह रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह भी किया।


रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल परियोजनाओं से प्रदेश में औद्योगिक विकास, खनिज परिवहन, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा बस्तर से सरगुजा तक रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!