Advertisement Carousel

एरियर्स बिल के लिए 5% कमीशन! 10 हजार लेते BEO गिरफ्तार


16 लाख के बिल के एवज में मांगे थे 80 हजार, शिकायत पर ACB ने कोंटा कार्यालय में मारा छापा


सुकमा/कोंटा। शिक्षकों के एरियर्स बिल बनाने और राशि निकालने के एवज में कथित रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कोंटा के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की। ACB ने BEO चंद्र कुमार यारदा को कथित तौर पर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मंगल राम ने ACB से शिकायत की थी कि एरियर्स की करीब 16 लाख रुपए की राशि का बिल बनाने और भुगतान कराने के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन, यानी करीब 80 हजार रुपए, की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने बुधवार को कोंटा BEO कार्यालय में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान अधिकारी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते कथित तौर पर पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने कार्यालय में दस्तावेजों और संबंधित रिकॉर्ड की जांच भी शुरू कर दी।


ACB DSP जगदलपुर रमेश मरकाम के मुताबिक, शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई की गई। एरियर्स बिल निकालने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में BEO को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।


ACB की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। अब जांच में यह भी सामने आने की उम्मीद है कि कथित रिश्वत की मांग केवल एक प्रकरण तक सीमित थी या कार्यालय में इस तरह की वसूली का कोई व्यापक मामला चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!