मुख्यमंत्री साय बोले- पहचान की होगी जांच, बांग्लादेशी निकले तो वापस भेजने की होगी कार्रवाई
बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 23 संदिग्ध घुसपैठियों को पकड़ा है। इनकी पहचान और नागरिकता को लेकर संदेह के बाद पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि बिलासपुर से पकड़े गए सभी 23 संदिग्धों को रायपुर के डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिटेंशन सेंटर में संदिग्धों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। यदि जांच में सभी के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि होती है, तो उन्हें नियमानुसार वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार सिरगिट्टी क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ उनके दस्तावेजों और बताए गए पते का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही उनकी वास्तविक नागरिकता और मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल 23 लोगों को रायपुर भेजे जाने के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच और पहचान की पुष्टि के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
