बेटिंग, सट्टा-जुआ और अवैध फॉरेक्स ट्रेडिंग ऐप पर प्रतिबंध की मांग; पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को राजभवन से पहले रोका
रायपुर। महादेव ऐप समेत ऑनलाइन बेटिंग, सट्टा-जुआ और अवैध फॉरेक्स ट्रेडिंग ऐप के खिलाफ छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच के आह्वान पर सोमवार को राजधानी रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। राजभवन घेराव के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और राजभवन से कुछ दूरी पहले ही बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया।
मंच की ओर से पहले ही 7 सितंबर को राजभवन घेराव का ऐलान किया गया था। कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित हुए और ऑनलाइन सट्टेबाजी तथा बेटिंग ऐप के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार से ऐसे ऐप पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और इनके संचालन से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
राजभवन से पहले पुलिस ने रोका
प्रदर्शनकारी जब राजभवन की ओर आगे बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उनका रास्ता रोक दिया। पुलिस की ओर से सुरक्षा के लिहाज से राजभवन के आसपास पर्याप्त बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स के आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद मौके पर प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा।
युवाओं के भविष्य को लेकर जताई चिंता
छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच ने आरोप लगाया कि महादेव ऐप जैसे ऑनलाइन जुआ और बेटिंग प्लेटफॉर्म युवाओं को आर्थिक नुकसान की ओर धकेल रहे हैं। मंच का कहना है कि ऑनलाइन जुए और सट्टेबाजी के कारण कई परिवार कर्ज और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। मंच ने सरकार से इस पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
चार प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन
मंच ने अपनी मांगों में महादेव ऐप के सभी संचालकों और प्रमोटरों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में संचालित ऑनलाइन बेटिंग, सट्टा, जुआ और अवैध फॉरेक्स ट्रेडिंग ऐप पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी रखी गई।
प्रदर्शनकारियों ने बेटिंग ऐप की वजह से प्रभावित युवाओं के लिए पुनर्वास और काउंसिलिंग योजना शुरू करने तथा पुलिस द्वारा बेटिंग ऐप के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई।
राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी
मंच की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया था कि राजभवन पहुंचकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रदर्शन के दौरान मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लड़ाई को आगे भी जारी रखा जाएगा। मंच ने इस मुद्दे पर सामाजिक संगठनों, मीडिया और युवाओं से भी समर्थन की अपील की है।
स्वाभिमान मंच के केंद्रीय अध्यक्ष पूर्ण लाल साहू के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। राजभवन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रदर्शनकारियों को कुछ दूरी पर रोक दिए जाने के कारण इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी से माहौल काफी देर तक गरमाया रहा।
