नवसृजन मंच की 13 साल से जारी पहल, नन्हीं बेटियों का कन्या पूजन कर बांटी गई बेबी किट
रायपुर, 14 अक्टूबर। बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से नवसृजन मंच ने अपना 13वां ‘बिटिया जन्मोत्सव’ आयोजित किया। वृंदावन हॉल में आयोजित समारोह में 10 दिन से लेकर 6 माह तक की 251 नन्हीं बेटियों का कन्या पूजन कर उनकी आरती उतारी गई। साथ ही उनके माता-पिता को सम्मानपत्र और बेबी किट भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 9 महिलाओं को ‘नवशक्ति सम्मान’ प्रदान किया गया।
बेटियों के सम्मान से समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश
कार्यक्रम में महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं नवसृजन मंच के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, महिला मोर्चा की अध्यक्ष विभा अवस्थी और ITSA हॉस्पिटल के संचालक सतीश बालानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाना और उसके माता-पिता को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बेटियों के प्रति सम्मान, समानता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
9 महिलाओं को मिला नवशक्ति सम्मान
समारोह में राजनीति एवं चिकित्सा के क्षेत्र में अनामिका सिंह, पुलिस सेवा के लिए अर्चना झा, चिकित्सा के लिए डॉ. रोशनी राठौर, समाजसेवा के लिए सोनिया साहू, पाककला के लिए प्रतिभा शर्मा, खेल के लिए मानसी टांडी, योग के लिए डॉ. ज्योति साहू, पत्रकारिता के लिए ममता लांजेवार और कृषि के क्षेत्र में योगदान के लिए अदिति दुबे को सम्मानित किया गया।
बेबी किट के साथ पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी
251 परिवारों को दी गई बेबी किट में फ्रॉक, साबुन, पाउडर, खिलौने, मच्छरदानी सहित उपयोगी सामग्री शामिल थी। कार्यक्रम में आहार विशेषज्ञ ने माताओं को प्रसव के बाद संतुलित आहार, पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए हेल्प डेस्क भी लगाया गया। यहां सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी योजना और मातृत्व संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। डाकघर की ओर से बच्चियों के आधार कार्ड बनाने के लिए शिविर भी लगाया गया।
13 वर्षों से बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित कर रही संस्था
अध्यक्षीय उद्बोधन में अमरजीत सिंह छाबड़ा ने संस्था की 13 वर्षों की यात्रा और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिटिया जन्मोत्सव केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का अभियान है। संस्था शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और जनसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय है।
कार्यक्रम का संचालन कांतिलाल जैन और डॉ. प्रीति सतपथी ने किया। आयोजन में नवसृजन मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। समापन पर कन्या भोज आयोजित किया गया।
समारोह ने यह संदेश दिया कि बेटी का जन्म उत्सव है, सम्मान है और समाज का गौरव है।
