101 कन्याओं का पूजन कर दिया सुरक्षा का संदेश, कैंसर से बचाव, माहवारी स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से गुरुवार को महासमुंद के अंबेडकर भवन, बागबाहरा रोड में ‘कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 350 किशोरियों और माताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत 101 कन्याओं के पूजन और कन्या भोज से हुई। इसके बाद जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किशोरियों और माताओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा, पोषण, माहवारी स्वच्छता और मानसिक सशक्तीकरण के बारे में जानकारी दी। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण, समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श का महत्व बताया गया। वहीं, ब्रेस्ट कैंसर के संभावित लक्षणों और स्क्रीनिंग के संबंध में भी जागरूक किया गया।
बाल मनोचिकित्सकों ने बच्चों की सुरक्षा, अभिभावकों से संवाद, मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और किशोरियों के मानसिक स्वास्थ्य पर जानकारी दी। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए भी बालिकाओं के अधिकारों और संरक्षण का संदेश दिया गया।
आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि हर बेटी को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बचपन देना आयोग का लक्ष्य है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और एचपीवी टीकाकरण के लिए चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन की सार्थकता तभी है, जब बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के समान अवसर मिलें।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
