रायपुर। नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष व्यवस्था की है। पिंक पेट्रोल यूनिट गरबा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में सादे कपड़ों में अंडरकवर ऑपरेशन चलाएगी। महिला पुलिसकर्मी गरबा ड्रेस में आम नागरिकों के बीच रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी।
पुलिस के अनुसार, छेड़छाड़, फब्तियां कसने, अवांछित फोटो-वीडियो बनाने और महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पंडालों के आसपास पुलिस वाहन लगातार गश्त करेंगे, ताकि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं और युवतियों से निर्भीक होकर उत्सव में शामिल होने की अपील की है। किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना पिंक पेट्रोल हेल्पलाइन 9479210932 अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
