26 वर्षीय नरसू बोड्डू 23 जुलाई से केंद्र में ले रहा था प्रशिक्षण, मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम
बीजापुर, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक पुनर्वासित माओवादी की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नरसू बोड्डू उर्फ नैती (26 वर्ष), पिता लक्ष्मैया बोड्डू, निवासी ग्राम कमकानार, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर के रूप में हुई है। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरसू बोड्डू 23 जुलाई 2026 से बीजापुर स्थित पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। बुधवार सुबह उसके फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही थाना बीजापुर पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की।
मर्ग कायम, आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने मामले में थाना बीजापुर में मर्ग पंजीबद्ध कर लिया है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नरसू बोड्डू ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
