Advertisement Carousel

भण्डारपुरी धाम में विकास कार्यों की सौगात, 29 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा, 40 स्थानों पर स्थापित होंगे लकड़ी के जैतखाम

रायपुर, 21 अक्टूबर। सतनाम पंथ की आस्था के प्रमुख केंद्र भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। साथ ही शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक-सांस्कृतिक विकास से जुड़े चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी का सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश आज भी समाज को दिशा देता है। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के साथ रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भण्डारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास की प्रक्रिया में कोई भी समाज, वर्ग या क्षेत्र पीछे न छूटे।

29 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, नरदहा में दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण और 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण शामिल है।

मोहंदी-अड़सेना मार्ग के कार्य पर 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये और नरदहा के आंतरिक मार्ग पर 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, छतौना से लखौली तक सड़क के डामर नवीनीकरण पर 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत आएगी। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और गांवों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, आरंग नगर पंचायत के ओड़का में नए प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद नगरपालिका क्षेत्र के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये तथा चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये दिए जाएंगे।

इसके अलावा अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सतनामी समाज की शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। उन्होंने भण्डारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण की बात कही।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सामाजिक सद्भाव एवं समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज के विकास से जुड़ी मांगों पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोचिंग सीटों की संख्या बढ़ने से समाज के अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।

सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने बाबा गुरु घासीदास जी के समानता, सत्य और मानवता के संदेश को आत्मसात करने की अपील की। समारोह में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, समाज के संतगण, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!