कर्मवीर सिंह ने हर महीने जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें करने के दिए निर्देश; स्मृति ईरानी के स्वागत में उतरेगी 1000 से अधिक कार्यकर्ताओं की बाइक रैली
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज करने पर जोर दिया है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारी अंतिम समय में नहीं, बल्कि अभी से शुरू होनी चाहिए। इसके लिए जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर हर महीने अनिवार्य रूप से बैठकें आयोजित की जाएं और जनप्रतिनिधि बूथों के कामकाज पर विशेष ध्यान दें।
बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में रायपुर शहर जिला भाजपा की ओर से आयोजित स्वागत-अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और गरीब कल्याण के कार्यों को गति देना भी है। उन्होंने ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ के ध्येय वाक्य के साथ कार्यकर्ताओं से जनसेवा और संगठन विस्तार में जुटने की अपील की।
स्मृति ईरानी के स्वागत की तैयारी, शहर में दिखेगा संगठन का रंग
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर बैठक में स्वागत कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। कर्मवीर सिंह ने निर्देश दिया कि स्वागत के दौरान व्यक्तिगत फ्लेक्स और होर्डिंग लगाने के बजाय शहर को पार्टी के झंडों से सजाया जाए।
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी का भव्य स्वागत करना रायपुर के कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करने का आग्रह किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को स्मृति ईरानी के प्रथम रायपुर आगमन पर माना स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे प्रदेश कार्यालय तक एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता वाली बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली मार्ग को पार्टी के झंडों से सजाने और विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारी की गई है। माना पंचायत क्षेत्र की व्यवस्थाओं के लिए संजय यादव को प्रभारी बनाया गया है।
25 अक्टूबर को ‘मन की बात’ में शामिल होंगी स्मृति ईरानी
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर भी चर्चा हुई। कर्मवीर सिंह के अनुसार, 25 अक्टूबर को प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में स्मृति ईरानी भी शामिल होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेंगे अभियान
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं रायपुर संभाग प्रभारी अखिलेश सोनी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को विशाल पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक लोकतंत्र और भीड़तंत्र विषय पर कार्यक्रम, ‘घुसपैठिए हटाओ-देश बचाओ’ अभियान तथा प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठियां आयोजित करने की योजना है। इन अभियानों को लेकर सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी, रायपुर महापौर मीनल चौबे, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, सह प्रभारी प्रीतेश गांधी, प्रदेश मंत्री अमित साहू, जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति और अमित मैसेरी सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
