बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की सहभागिता प्रदेश के लिए गौरव का अवसर
रायपुर, 22 अक्टूबर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ आगमन पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय ने प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ की ओर से राष्ट्रपति का हार्दिक अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की गरिमामयी सहभागिता पूरे प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। उनकी उपस्थिति से छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। मुरिया दरबार की परंपरा भी जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक सहभागिता को दर्शाती है। राष्ट्रपति की सहभागिता से इन परंपराओं को व्यापक पहचान मिलेगी और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के आगमन को प्रदेशवासियों के लिए सम्मान और गौरव का क्षण बताते हुए उनके प्रति स्वागत एवं अभिनंदन की भावना व्यक्त की।
