Advertisement Carousel

बस्तर दशहरे में बड़ा हादसा, रथ खींचते समय एक ग्रामीण की मौत, दूसरा गंभीर

भीतर रैनी रस्म के दौरान हुआ हादसा, घायल युवक का पैर कटा; महारानी अस्पताल में उपचार जारी

जगदलपुर। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरे में भीतर रैनी रस्म के दौरान देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। पारंपरिक रथ खींचने के दौरान दो ग्रामीण हादसे की चपेट में आ गए। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का पैर कट जाने की जानकारी सामने आई है। उसे उपचार के लिए महारानी अस्पताल ले जाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीतर रैनी रस्म के दौरान परंपरागत रूप से रथ खींचने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान दो ग्रामीण हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दर्दनाक घटना के बाद बस्तर दशहरे में शामिल लोगों के बीच शोक का माहौल है। जनजातीय आस्था, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामूहिक सहभागिता के लिए विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरे में इस तरह का हादसा लोगों को झकझोर देने वाला है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के बावजूद रथ परिक्रमा जारी रही। मृतक युवक की पहचान किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!