Advertisement Carousel

राज्योत्सव में सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो की तैयारी तेज, कलेक्टर ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में होगा एयर शो, यातायात, पार्किंग और चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाले सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन और भारतीय वायु सेना के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। दर्शकों और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर प्रवेश एवं आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। साथ ही ड्रॉप जोन की लेबलिंग और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की गई।

बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

आयोजन स्थल पर विद्युत आपूर्ति, सॉफ्ट ग्राउंड, रखरखाव, मोबाइल टॉयलेट और कार्यालयीन कार्यों के लिए आवश्यक स्थान सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन, विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन सहायता से जुड़ी तैयारियों को समय पर पूरा करने पर बल दिया।

अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा

बैठक में नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिस्वरंजन, भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए), परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्योत्सव के अवसर पर होने वाला यह एयर शो आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। इसके मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियों की नियमित समीक्षा और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!