Advertisement Carousel

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन: पुराने साथियों से मिले विष्णुदेव साय, संगठन की पुरानी यादें हुईं ताजा

प्रदेशभर से भाजपा के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी, मंत्री, सांसद-विधायक एवं वरिष्ठ नेता हुए शामिल; मुख्यमंत्री ने सभी के साथ बैठकर किया भोजन

रायपुर। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक एकजुटता और पुराने साथियों के प्रति सम्मान की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण से लेकर अब तक संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने वाले नेताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात कर पुरानी यादें साझा कीं।

समारोह की खास बात मुख्यमंत्री साय का सहज और आत्मीय व्यवहार रहा। वे स्वयं अलग-अलग टेबलों पर पहुंचे और सभी का हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और पूर्व पदाधिकारियों से बातचीत की तथा उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। लंबे समय बाद मिले पुराने सहयोगियों के बीच संगठन में साथ काम करने के दिनों और राजनीतिक सफर से जुड़ी स्मृतियां ताजा हुईं।

कार्यक्रम में वर्तमान एवं पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश और जिला पदाधिकारी, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा विभिन्न संगठनात्मक प्रकोष्ठों से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे नेताओं ने भी सहभागिता की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन आज जिस मुकाम पर है, उसमें कई पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं का त्याग, परिश्रम और योगदान शामिल है। वरिष्ठ साथियों का अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा संगठन को निरंतर मजबूती प्रदान करती है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उच्च शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक मंत्री, विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!