कोयलीबेड़ा के मोदेमरका-मिच्चेबेड़ा क्षेत्र में नक्सल डम्प का खुलासा, सुरक्षा बलों ने मौके पर ही नष्ट किया आईईडी और विस्फोटक
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई से नक्सलियों की संभावित बड़ी साजिश नाकाम होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने कोयलीबेड़ा के मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के जंगल एवं पहाड़ी इलाके में अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान नक्सल डम्प से एक भरमार बंदूक, एक किलो का आईईडी मैकेनिज्म, एक किलो बारूद और दो डेटोनेटर बरामद किए गए।
बरामद विस्फोटक सामग्री को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी और विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
