रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित आदित्य फॉर्म हाउस देर रात हुक्का-शराब पार्टी का अड्डा बन गया। पार्टी की सूचना पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक दबिश दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, फार्म हाउस में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे। तेज म्यूजिक और नशे के माहौल के बीच जैसे ही पुलिस टीम पहुंची, वहां हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों और युवकों के बीच जमकर झड़प हुई। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।


मीडिया पर हमला
रेड की कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाया गया। कैमरों से फुटेज डिलीट करा दिए गए और कैमरे की चिप निकालकर तोड़ दी गई। पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी छीनने की कोशिश की गई।
जप्ती और हिरासत
पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने फार्म हाउस से कई हुक्का पॉट, हुक्का सामग्री और शराब की बोतलें जप्त कीं। आयोजनकर्ता सहित कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है।
इस घटना के बाद राजधानी में यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर वीआईपी रोड जैसे पॉश इलाकों में बने फार्म हाउस किसकी शह पर नशे और अवैध गतिविधियों का अड्डा बनते जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नियम विरुद्ध पार्टी आयोजित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
