Advertisement Carousel

चिरमिरी पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, दिवाली मिलन समारोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की आत्मीय मुलाकात

पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल, चिरमिरी के विकास और पर्यटन की संभावनाओं पर रखी बात

चिरमिरी (एमसीबी)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत अपने प्रवास के दौरान चिरमिरी पहुंचे। यहां पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल के निवास पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह में शामिल होकर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. महंत ने चिरमिरी सहित आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और आम जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को लेकर वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्री से चिरमिरी और आसपास के इलाकों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए निरंतर आग्रह करते रहते हैं।

पर्यटन के रूप में चिरमिरी को विकसित करने की पहल का किया जिक्र

चिरमिरी की पर्यटन संभावनाओं पर चर्चा करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने चिरमिरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण प्रयास किए थे। हालांकि, विभिन्न कारणों से प्रस्तावित कार्य उस समय पूर्ण नहीं हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चिरमिरी के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

दिवाली मिलन समारोह में कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, सूरज महंत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व महापौर कंचन जायसवाल और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह में दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और क्षेत्रीय विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया। चिरमिरी में आयोजित इस कार्यक्रम ने कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण मेल-मिलाप का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!