Advertisement Carousel

दिल्ली में छत्तीसगढ़ के योगेश अग्रवाल को मिला ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’

महानाट्य निर्माण, समाजसेवा, सामाजिक नेतृत्व और उद्योग जगत में योगदान के लिए ‘अग्र गौरव अवार्ड’ से हुए सम्मानित, 40 से अधिक शहरों में हो चुका है महाराजा अग्रसेन महानाट्य का मंचन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित समाजसेवी, उद्योगपति एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्व योगेश अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’ के अंतर्गत ‘अग्र गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाजसेवा, सामाजिक नेतृत्व, सांस्कृतिक संरक्षण और उद्योग जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

14 नवंबर को दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। योगेश अग्रवाल द्वारा महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य महानाट्य का निर्माण किया गया है। इस महानाट्य का मंचन देश के विभिन्न राज्यों के 40 से अधिक शहरों में हो चुका है। इसके माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत के साथ सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और सहयोग का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।

उद्योग जगत में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

योगेश अग्रवाल का योगदान कला और संस्कृति के साथ उद्योग जगत में भी उल्लेखनीय रहा है। वे लगातार 19 वर्षों तक छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया राइस मिल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं। उन्होंने राइस मिल उद्योग से जुड़े कारोबारियों की समस्याओं के समाधान, हितों की रक्षा और उद्योग के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इसके अलावा वे अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के माध्यम से सामाजिक एकता, जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के कार्यों में सक्रिय हैं।

राष्ट्रीय स्तर के अतिथियों की रही मौजूदगी

समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज मौजूद रहे। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के प्रणेता प्रदीप मित्तल सहित देशभर से एक हजार से अधिक अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

योगेश अग्रवाल को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज सहित सामाजिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक जगत में हर्ष का माहौल है। यह सम्मान उनके लंबे सामाजिक अनुभव, संगठनात्मक नेतृत्व और महाराजा अग्रसेन जी के विचारों को देशभर में पहुंचाने के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!