Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में कारोबारियों पर आयकर का बड़ा शिकंजा, कई जिलों में एक साथ छापेमारी, रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा और अंबिकापुर में दबिश

उद्योगपतियों, ठेकेदारों के घर, फैक्ट्रियों और कारोबारी प्रतिष्ठानों में दस्तावेज व वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे

रायपुर।

छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़े कारोबारी, उद्योगपति और ठेकेदारों से जुड़े ठिकानों पर व्यापक छापेमारी शुरू की। रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा और अंबिकापुर में एक साथ कार्रवाई की खबर है।

सुबह करीब 5 बजे पहुंचीं टीमों ने घरों, दफ्तरों, फैक्ट्रियों और कारोबारी प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों तथा वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

रायगढ़ में उद्योगपति कमल अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की दबिश की सूचना है। रायगढ़ इस्पात, सन स्टील और बर्बरीक ग्रुप से संबंधित परिसरों में भी टीमें जांच कर रही हैं। अधिकारियों द्वारा दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।

बिलासपुर में कारोबारी चंदन अग्रवाल के विनोबा नगर स्थित निवास और दुकान तथा लोहा कारोबारी जेपी मित्तल के विद्या नगर स्थित घर पर टीम पहुंची है।

वहीं रायपुर में खम्हारडीह की बनियान ट्री सोसाइटी और चंद्रखुरी के पास बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में कार्रवाई की जानकारी है।

अंबिकापुर में PRA ग्रुप के मालिक रमेशचन्द्र अग्रवाल के MG रोड स्थित निवास पर भी आयकर विभाग ने छापा मारा है। सड़क निर्माण के बड़े ठेकेदार अग्रवाल के घर सुबह से कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक टीमों के अधिकारी जांच में जुटे हैं।

प्रदेश के कई जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई के पीछे की वजह और जांच का वास्तविक दायरा अभी स्पष्ट नहीं है। आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!