स्पीड डेटिंग के नियम जानकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज, हर राउंड में 20 मिनट की मुलाकात और आखिर में पसंदीदा नाम पर लगेगी मुहर; बजरंग दल ने आयोजन को लेकर खोला मोर्चा
रायपुर। राजधानी के AIIMS कैंपस में इन दिनों पढ़ाई, इलाज और रिसर्च के साथ अब दो मिनट में दिल का कनेक्शन तलाशने की तैयारी भी चर्चा में है। ORIANA AIIMS RAIPUR की ओर से 18 से 21 नवंबर तक स्पीड डेटिंग कार्यक्रम आयोजित करने का प्रचार किया जा रहा है। इसका तरीका भी दिलचस्प है—जेब से 100 रुपये निकालिए, सामने बैठिए और दो मिनट में जान-पहचान का इम्तिहान दीजिए!
आयोजकों के बताए नियमों के मुताबिक, 18 से 30 साल के युवक-युवतियां इसमें हिस्सा ले सकेंगे। हर राउंड में 10 लड़के और 10 लड़कियां आमने-सामने बैठेंगे। प्रत्येक को बातचीत के लिए दो मिनट मिलेंगे। घंटी बजते ही लड़कों को अगली लड़की के पास जाना होगा। इस तरह 20 मिनट में दस लोगों से मुलाकात पूरी होगी। इसके बाद एक पर्ची पर सबसे पसंदीदा प्रतिभागी का नाम लिखना होगा। जिस लड़के और लड़की का नाम सबसे ज्यादा बार आएगा, उन्हें विजेता घोषित किया जाएगा। एक व्यक्ति कई राउंड में भी शामिल हो सकता है, लेकिन हर बार 100 रुपये की फीस देनी होगी।
यानी यहां पहली मुलाकात के लिए लंबी बातचीत या चाय-कॉफी की जरूरत नहीं, बस दो मिनट और 100 रुपये का हिसाब है! हालांकि, इस आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने विरोध जताया है। संगठन के प्रांत संयोजक विजेंद्र वर्मा ने इसे अश्लील बताते हुए रायपुर की संस्कृति के खिलाफ करार दिया है।
अब सवाल यह है कि AIIMS कैंपस में इस आयोजन को लेकर उठे सवालों के बीच आयोजक और संस्थान क्या रुख अपनाते हैं। फिलहाल दो मिनट की मुलाकात ने शहर में बहस जरूर लंबी कर दी है।
बजरंग दल का कड़ा विरोध….
राजधानी के AIIMS कैंपस में प्रस्तावित स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने इस आयोजन को अश्लील और भारतीय सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है। बजरंग दल का आरोप है कि रायपुर जैसे शहर की संस्कृति को मुंबई और दिल्ली की तर्ज पर बदलने की कोशिश की जा रही है। संगठन के प्रांत संयोजक विजेंद्र वर्मा ने कहा कि AIIMS जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थान के परिसर में इस तरह के कार्यक्रम का प्रचार उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि शिक्षा और चिकित्सा से जुड़े संस्थान में इस प्रकार के आयोजन को किस उद्देश्य से बढ़ावा दिया जा रहा है। बजरंग दल ने आयोजकों और संबंधित प्रबंधन से कार्यक्रम पर पुनर्विचार करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाले कार्यक्रम होने चाहिए, न कि ऐसे आयोजन जो सामाजिक मर्यादाओं को लेकर विवाद खड़ा करें।
