1 नवंबर से शुरू होना था नया पर्यटन सीजन, 21 गांवों के ग्रामीणों के आंदोलन से पर्यटकों की राह रुकी; गाइड, ड्राइवर और स्थानीय कारोबारियों की रोजी-रोटी पर संकट
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के प्रमुख वन पर्यटन स्थलों में शामिल बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में इस बार पर्यटन सीजन की शुरुआत ही आंदोलन की भेंट चढ़ गई है। हर साल 1 नवंबर से शुरू होने वाली सफारी 18 नवंबर तक भी शुरू नहीं हो पाई है। अभयारण्य क्षेत्र के 21 गांवों के ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर रवान गांव में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। इसका सीधा असर पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय कारोबार पर पड़ रहा है।
दरअसल, ग्रामीण 1 नवंबर से सड़क, बिजली और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पट्टे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मानसून के चार महीने के विराम के बाद 1 नवंबर से अभयारण्य के दरवाजे पर्यटकों के लिए खुलने थे। इस सीजन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद रहती है। लेकिन आंदोलन के चलते सफारी शुरू नहीं हो सकी है।
पर्यटन गतिविधियां ठप होने से अभयारण्य पर निर्भर गाइड, सफारी वाहन चालक, होटल संचालक और स्थानीय छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पर्यटन सीजन के शुरुआती 18 दिन बीतने के बावजूद सफारी शुरू होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
एक ओर ग्रामीण अपनी बुनियादी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर पर्यटन से जुड़े लोगों को सीजन शुरू होने का इंतजार है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों और पर्यटन गतिविधियों को लेकर बीच का रास्ता कब निकाल पाता है।
