हार्ट अटैक की आशंका, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगा पोस्टमार्टम; परिजनों को दी गई सूचना
महासमुंद। महासमुंद जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी सय्यद अशफाक (44 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एनडीपीएस एक्ट के मामले में वर्ष 2023 से जिला जेल में बंद था।
जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे सय्यद अशफाक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जेल परिसर में ही गिर पड़ा। स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
