Advertisement Carousel

बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, माओवादी डंप से 50 बीजीएल सेल बरामद

उसूर क्षेत्र के पुजारीकांकेर जंगल में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान मिली विस्फोटक सामग्री, पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई

बीजापुर। जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर क्षेत्र के पुजारीकांकेर के जंगलों में सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया गया है। इसमें 50 नग बीजीएल सेल मिले हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया आसूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केरिपु 196वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया था। अभियान के दौरान पुजारीकांकेर के जंगल में कुछ संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई। सर्चिंग करने पर माओवादियों द्वारा पूर्व से छिपाकर रखे गए डंप से 50 नग बीजीएल सेल बरामद किए गए।

बरामद विस्फोटक सामग्री के संबंध में थाना उसूर में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। बीजापुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार सर्च अभियान एवं डीमाइनिंग की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा सुरक्षा कैंप को सूचना दें। ऐसी किसी भी सामग्री को छूने का प्रयास न करें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!